जुन्गा में जिला स्तरीय अंडर 19 फुटबाल प्रतियोगिता संपन
शिमला 25 सितंबर । राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में बीते दो दिन से चल रही जिला स्तरीय अंडर 19 छात्र वर्ग की फुटबाल प्रतियोगिता संपन हो गई । जिसमें समरहिल स्कूल ने रोहड़ू ब्यायज को फाईनल में 3-0 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की । तहसीलदार जुन्गा नारायण सिंह वर्मा ने समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता उप विजेता को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया ।
उन्होने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेलों का बहुत महत्व है । खेलों से जहां विद्यार्थियों का शारीरिक, बौद्धिक और मानसिक विकास होता है वहीं पर बच्चों में परिश्रम, प्रतिस्पर्धा, नेतृत्व, समाज सेवा और पारस्परिक सहयोग की भावना उत्पन्न होती है जोकि बच्चों को अपने जीवन लक्ष्य को हासिल करने में कारगर सिद्ध होती है ।
इससे पहले स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य महेश शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मनित किया । उन्होने बताया कि इस दो दिवसीय जिला स्तरीय अंडर 19 फुटबाल प्रतियोगिता में आठ वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के 118 बच्चों ने भाग लिया ।
इस प्रतियोगिता के आयोजन में खेल प्रभारी राजकुमार, मंच सचालक हंसराज और पीईटी सुमन चौहान सहित अन्य शारीरिक शिक्षकों का विशेष योगदान रहा ।








