सुंदरनगर, 02 फरवरी
अनुसूचित जाति मोर्चा संत शिरोमणि गुरु रविदास प्रकटोत्सव को पूरे प्रदेश में एक उत्सव की तरह मनाया जाएगा। यह जानकारी बुधवार को अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश के अध्यक्ष नितेन कुमार ने दी।

उन्होंने कहा कि 16 फरवरी को गुरु रविदास की जयंती से पहले 12 फरवरी से पूरे प्रदेश के सभी संगठनात्मक 17 जिलों और 74 मंडलों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अनुसूचित जाति मोर्चा इस दौरान सभी जगहों पर स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही गुरु रविदास से जुड़ी अध्यात्मिक बातों और उनकी शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाएगा।
16 फरवरी को गुरु रविदास जी के सभी मंदिरों के पुजारियों को मोर्चा द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा। गुरु रविदास जी के जन्म दिवस के मौके पर अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा प्रदेश में इस तरह का यह आज तक का पहला कार्यक्रम होगा। मोर्चा द्वारा इसके लिए पूरे प्रदेश में जिला व मंडल स्तर के अधिकारियों को इस कार्यक्रम को आयोजित करने का खाका तैयार कर सौंप दिया है। पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए।
सोशल मीडिया पर सांझी होंगी गुरु रविदास से जुड़ी बातें…
प्रदेश मोर्चा द्वारा रविदास से जुड़ी बातों और विचारों को सोशल मीडिया पर भी साझा किया जाएगा। मोर्चा द्वारा इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सोशल मीडिया पर चलने वाले इस अभियान के लिए मोर्चा द्वारा एक विशेष टीम का भी गठन किया गया है। यह टीम प्रत्येक दिवस के हिसाब से गुरु रविदास से जुड़ी बातों को सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा ने इस बार गुरु रविदास जयंती को प्रदेश स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। सभी जगहों पर स्वच्छता अभियान और अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे और रविदास मंदिरों के पुजारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।










