परवाणु
शहर के एक होटल के कमरे में एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। थाना प्रभारी दयाराम ठाकुर ने बताया कि सैक्टर-3 स्थित एक होटल में रात करीब 8.30 बजे एक व्यक्ति जितेंद्र कुमार (53) निवासी जुब्बल-कोटखाई शिमला ने कमरा किराए पर लिया। कमरे में जाते समय उसने कर्मचारियों को हिदायत दी थी कि वह सफर से थका हुआ है, इसलिए उसे कोई परेशान न करे। उसने रात को खाना भी नहीं खाया और न ही वह कमरे से बाहर आया।
सुबह करीब 10 बजे जब कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं आया औरकमरे से दुर्गंध आने लगी। इस पर कर्मचारियों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर रोशनदान से दरवाजा खुलवाया, जहां जितेंद्र बिस्तर पर मृत पड़ा था तथा उसके पास शराब की बोतल व जहरीले पदार्थ की एक डिब्बी पाई गई। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि की है।








