शिमला, 1 मार्च 2026
जिला पुलिस शिमला के प्रथम महिला पुलिस थाना (बीसीएस) ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए 47 वर्षीय गुमशुदा महिला को मात्र 24 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ निकाला और परिजनों से मिला दिया।
जानकारी के अनुसार, 1 मार्च को कुमारी तनुजा, निवासी ठाकुर निवास, बीसीएस, ने महिला थाना में शिकायत दर्ज करवाई कि उनकी माता श्रीमती मानसी (47 वर्ष) 28 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे बीसीएस डायमंड क्षेत्र से अचानक लापता हो गई थीं। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं लगा, तो पुलिस से संपर्क किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना बीसीएस की टीम ने तुरंत जांच शुरू की। आधुनिक तकनीक और स्थानीय सूचना तंत्र के समन्वय से पुलिस ने महिला को 24 घंटे के भीतर ट्रेस कर लिया। महिला स्वस्थ अवस्था में मिलीं।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
जिला पुलिस शिमला ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने में देने की अपील की गई है।






