हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुनीष गर्ग महासचिव अनिल सेन, उपाध्यक्ष संजय कुमार ने प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारी हित में लिए गए निर्णयों का स्वागत किया है। संगठन के अनुसार अराजपत्रित महासंघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर और महासचिव राजेश शर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों की प्रमुख मांगो को सरकार चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है। इसके लिए कर्मचारी अराजपत्रित महासंघ के पदाधिकारियों के धन्यवादी हैं। कर्मचारियों को उम्मीद है कि उनकी सेनिओरिटी और पुरानी पेंशन तथा अन्य मांगों पर सरकार अगली कैबिनेट में फैसला लेगी। संगठन के पदाधिकारियों ने यह मांग रखी है कि भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अनुसार नियुक्त कर्मियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता दी जाए और उनके अनुबंधकाल की सेवा को उनकी कुल सेवाकाल में जोड़ा जाए। कर्मचारियों की मांग की है कि सेनिओरिटी के विषय में कमेटी का शीघ्र गठन किया जाए और उसमें हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन के सदस्यों को भी शामिल किया जाए। प्रदेशाध्यक्ष मुनीष गर्ग के अनुसार जेसीसी की बैठक में सेनिओरिटी के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी के गठन की घोषणा हुई थी, लेकिन जेसीसी की मीटिंग के लगभग एक महीना बीत जाने के बावजूद भी कमेटी का गठन नहीं हुआ है। कर्मचारी संगठन अध्यक्ष मुनीष गर्ग के अनुसार संगठन अगले सप्ताह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, अराजपत्रित महासंघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर और महासचिव राजेश शर्मा से इस मांग के संदर्भ में शिमला में मिलेगा। साथ ही अराजपत्रित महासंघ जे नेतृत्व में मुख्यमंत्री के समक्ष इस मांग को उठाया जाएगा








