राजधानी में भारी बर्फबारी लोगों के लिए कई दुश्वारियां भी लेकर आई हैं। शुक्रवार को बर्फ पर फिसलने से नौ लोग घायल हो गए। घायलों ने डीडीयू अस्पताल में उपचार करवाया। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहान ने इसकी पुष्टि की है। बताया कि सभी मरीजों को उपचार देकर घर भेज दिया है। कांगड़ा के रहने वाले राजेंद्र शिमला में परीक्षा देने आए थे लेकिन ओल्ड बस स्टैंड के पास बर्फ पर गिरकर घायल हो गए।
इलाज के लिए जब रिपन अस्पताल आए तो ओपीडी में बैठे हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल वर्मा ने चेकअप कर बताया कि कोहनी में फ्रेक्चर हुआ है। शिमला के रहने वाले राजकुमार के हाथ में फ्रेक्चर हुआ है। इसी तरह केएनएच, हाईकोर्ट और चक्कर के पास भी कई लोग बर्फ पर गिरकर घायल हुए हैं।
प्लास्टर असिस्टेंट राजपाल, अमन और दुलाराम ने बताया कि करीब डेढ़ दर्जन लोगों को वह प्लास्टर चढ़ा चुके हैं। आईजीएमसी अस्पताल के पास सड़क पर सुबह के समय कई लोग गिरकर चोटिल हुए। इनमें बुजुर्ग भी शामिल थे लेकिन इसमें से अधिकतर को हल्की चोटें आई हैं।








