शिमला,23जनवरी
हिमाचल में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी हैै। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और निचले व मैदानी भागों में बारिश हो रही है।

लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, चम्बा और शिमला जिलों में बर्फबारी हो रही है। वहीं शिमला शहर में सीजन का तीसरा हिमपात हुआ है। बीते 8 जनवरी को शिमला में पहला और 10 जनवरी को दूसरा हिमपात हुआ था। शिमला से सटे पर्यटन स्थलों कुफरी, मशोबरा और नारकंडा में भी बर्फबारी हो रही है, जिससे पर्यटन स्थल और भी मनोरम हो गए हैं। जिले के सेब बाहुल्य इलाकों जुब्बल और खड़ापत्थर में भी हिमपात हो रहा है। बारिश-बर्फबारी की वजह से समूचा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। खासकर जनजातीय जिलों में तापमान में भारी गिरावट आने से लोगों को भीषण ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में भारी बारिश का यैलो अलर्ट और पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का ऑरैंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के मध्य पर्वतीय इलाकों में 23, 24 व 25 जनवरी तक अधिकांश स्थानों पर बारिश व बर्फबारी के आसार हैं। बर्फबारी से पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अधिकांश इलाकों में यातायात और बिजली सप्लाई ठप्प हो गई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में हुई बर्फबारी सेे 2 एनएच और 147 सड़कें बंद हो गई हैं, जिसमें लाहौल-स्पीति जिले में सबसे ज्यादा 108 सड़कें अवरुद्ध हैं। मंडी में 24, कुल्लू में 8, चम्बा में 5 और शिमला में 1 सड़क बाधित हुई है। इसके अलावा राज्य में 34 पेयजल परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
मौसम विभाग के निदेशक डाॅ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में आगामी 24 घंटों में भारी बारिश व बर्फबारी की आशंका है। खासकर निचले व मैदानी भागों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश और मध्य पर्वतीय व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भारी हिमपात का ऑरैंज अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी भागों में 24 से 26 जनवरी तक मौसम साफ रहेगा, जबकि मध्य पर्वतीय व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 24 जनवरी को बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 25 व 26 जनवरी को भी बारिश व बर्फबारी हो सकती है जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा।








