हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। रोहतांग दर्रा सहित जिला लाहौल-स्पीति के सभी दर्रों में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। बर्फबारी से दर्रों की बहाली में जुटे बीआरओ का कार्य भी प्रभावित हो गया है। दिन-रात काम करते हुए बीआरओ मनाली-लेह मार्ग की बहाली के करीब पहुंच गया था लेकिन शुक्रवार रात से साढ़े 15 हजार फुट ऊंचे बारालाचा दर्रे में एक बार फिर बर्फबारी शुरू हो गई है। दूसरी ओर कुंजम दर्रे के बातल में फंसे सभी 59 पर्यटकों को काजा प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से रैस्क्यू कर लिया है, लेकिन बातल में अभी भी 21 लोग व वाहन चालक अपने वाहनों के साथ फंसे हुए हैं। इस मार्ग पर ग्रांफू से लोसर तक जगह-जगह ग्लेशियर गिरे हैं जिस कारण सड़क बहाली में देरी हुई है। हालांकि बीआरओ अभी भी सड़क बहाल कर रहा है लेकिन अब मौसम बाधा बन गया है।








