हिमाचल प्रदेश रेडक्रॉस तथा ज़िला रेडक्रॉस शाखा सोलन के संयुक्त तत्वाधान में आज राजकीय महाविद्यालय जयनगर में युवा रेडक्रॉस क्लब की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय महाविद्यालय जयनगर की प्राचार्य डॉ. अंजना सूद ने की।
अंजना सूद ने कहा कि युवा रेडक्रॉस क्लब का उद्देश्य युवाओं को विभिन्न मानवीय गतिविधियों में शामिल कर समाज की सेवा में भागीदार बनाना है। उन्होंने कहा कि युवा रेडक्रॉस क्लब के माध्यम से युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी के स्टेट पैटर्न लेखराज कौशिक तथा राज्य समन्वयक वीरेन्द्र सिंह बिष्ट ने छात्रों को प्राथमिक चिकित्सा, स्वास्थ्य व सामाजिक सेवा से सम्बन्धित जानकारी प्रदान की।
गृह रक्षा के कंपनी कमांडर चन्द्र शेखर तथा प्लाटून कमांडर यशपाल ने छात्रों को आपातकालीन बचाव विधियों के बारे में जागरूक किया। फायर अधिकारी लीडिंग फायरमैन कुलदीप कुमार ने अग्निशमन यंत्र के प्रयोग व अग्निकाल सुरक्षा उपायों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम में युवा रेडक्रॉस समन्वयक कश्मीर सिंह, महाविद्यालय के प्राध्यापक व लगभग 53 विद्यार्थियों ने भाग लिया।








