सुजानपुर ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने कहा है कि सुखविंदर सिंह सुक्खू का मुख्यमंत्री बनना जिला हमीरपुर के लिए बड़े गौरव की बात है। हमीरपुर जिला ने, एक छोटा सा जिला होने के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बाद फिर से प्रदेश को मुख्यमंत्री देने का गौरव पाया है, इसके लिए नादौन विधानसभा क्षेत्र की जनता बधाई की पात्र है साथ ही साथ वो विधायक भी काबिले तारीफ है जिन्होंने एक सक्षम आम आदमी को मुख्यमंत्री बनाने के लिए समर्थन दिया।
वर्मा ने सुक्खू को मुख्यमंत्री की बागडोर सौंपने के लिए कांग्रेस हाईकमान का भी बहुत-बहुत धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के पास कांग्रेस संगठन के संचालन का लंबा सफलता पूर्ण अनुभव है व उनके संगठन के साथी रहे लोग आज उनके साथ विधायक हैं, कुछ उनके मंत्रिमंडल में भी शामिल होंगे, का सहयोग व मुख्यमंत्री की विकासात्मक सोच प्रदेश को बुलंदियों पर पहुंचाने में पूर्ण रूप से सक्षम है। मुख्यमंत्री की शपथ लेते ही जिस तीव्रता से उन्होंने जनकल्याण के निर्णय लिए हैं, से लगता है कि उनके नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश विकास की नई बुलंदियों को छूएगा।
इस अवसर पर सुजानपुर कांग्रेस मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को बधाई व शुभकामनाएं देती है तथा पूर्ण विश्वास रखती है कि सुजानपुर के विकास के लिए भी कोई कमी नहीं रखी जाएगी। सुक्खू जी जब विधायक भी नहीं थे, उस समय भी वो जिला में विकास की ऐसी गाथा लिख गए हैं जो एक मुख्यमंत्री के लिए भी मुश्किल कार्य था। हमीरपुर का मेडिकल कॉलेज इसका जीवंत उदाहरण है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आज मेरा भाई प्रदेश का मुख्यमंत्री बना है मुझे अपने लिए कुछ मांगने की जरूरत नहीं है। प्रदेश मैं आज कांग्रेस की सरकार है और सौभाग्य से सुजानपुर की जनता ने यहां से कांग्रेस विधायक जितवाया है जो यहां के अवश्यंभावी विकास को इंगित करता है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की वर्तमान सरकार व मुख्यमंत्री के प्रति टिप्पणियां कोई मायने नहीं रखती। उन्हें नुक्ताचीनी करने के बजाए नवनियुक्त प्रदेश सरकार को स्थापित होने में सहयोग करना चाहिए। हेलीकॉप्टर की बात करने वाले जयराम ठाकुर अपनी खिल्ली उड़ा रहे हैं।
इस अवसर पर उनके साथ जिला कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष कैप्टन चंबेल सिंह, महासचिव राजकुमार शर्मा, विनय शर्मा, जसविंदर सिंह व संदीप मैहरा आदि उपस्थित रहे।