सोलन। नेशनल हाईवे-5 पर सोलन बाईपास के समीप पुलिस लाइन के पास बनी सर्विस लेन एक बार फिर धंस गई है। यह पहली बार नहीं है—अब तक यह सर्विस लेन दस से अधिक बार धंस चुकी है। इससे फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी की कार्यप्रणाली और इंजीनियरिंग गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। एनएचएआई और निर्माण कंपनी द्वारा किए गए तकनीकी प्रयास भी इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाल पाए हैं।
हाल ही में निर्माण कंपनी ने धंसी हुई जगह पर अस्थायी रूप से मिट्टी भरकर मरम्मत की थी, लेकिन हल्की बारिश के बाद ही मिट्टी बह गई और सर्विस लेन कई फुट नीचे धंस गई। इससे पहले भी यहां अलग-अलग तकनीकों से रिटेनिंग वॉल (डंगा) बनाने की कोशिश की गई थी, लेकिन कुछ ही दिनों में उनमें दरारें पड़ने लगीं और सड़क फिर से क्षतिग्रस्त हो गई।
मंदिर और सामुदायिक भवन को भी नुकसान
लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण आसपास का क्षेत्र भी प्रभावित हो रहा है। सड़क के नीचे बहने वाले नाले तक की जमीन धंस रही है, जिससे कथेड़ जाने वाला मार्ग बार-बार बाधित हो जाता है। इस धंसाव की चपेट में आकर एक मंदिर और एक सामुदायिक भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि स्थानीय लोगों के लिए अपने घरों तक आना-जाना भी जोखिम भरा हो गया है।
उपायुक्त के निर्देश भी बेअसर
कुछ समय पहले सोलन के उपायुक्त ने स्थल का निरीक्षण कर एनएचएआई अधिकारियों को स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए थे। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्देशों के बावजूद केवल मिट्टी भरकर अस्थायी मरम्मत की गई, जिसके कारण समस्या दोबारा सामने आ गई।
क्या कहते हैं अधिकारी
फोरलेन निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट प्रभारी दिनेश पुनिया ने बताया कि सर्विस लेन धंसने के बाद मरम्मत का काम जारी है। फिलहाल वहां मिट्टी से फिलिंग की गई थी और अभी स्थायी रिटेनिंग वॉल का निर्माण नहीं किया गया था।



