कुल्लू/मनाली, 10 मार्च: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मनाली उपमंडल के पतलीकूहल क्षेत्र में एक सरकारी कर्मचारी की उसके लिव-इन पार्टनर के किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के शरीर पर गहरे घाव मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मृतक की पहचान लाहौल-स्पीति जिले के लोमच गांव निवासी 54 वर्षीय रंजीत सिंह के रूप में हुई है। वह सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (GSSS) जाहलमा में चपरासी के पद पर कार्यरत थे। मृतक की पत्नी ने रंजीत सिंह की लिव-इन पार्टनर नम्रता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस के अनुसार रंजीत सिंह पिछले करीब पांच वर्षों से नम्रता के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। करीब दो वर्ष पहले उनकी पत्नी को इस संबंध की जानकारी मिली थी। बताया जा रहा है कि नम्रता पतलीकूहल में किराए के कमरे में रहती थी। रंजीत सिंह 7 मार्च को किसी वाहन संबंधी काम से पतलीकूहल पहुंचे थे।
बताया गया कि 9 मार्च की रात उनकी पत्नी टशी पालमो से उनकी आखिरी बार फोन पर बात हुई थी, जिसमें वह नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे।
खुद थाने पहुंची महिला
मामले का खुलासा तब हुआ जब नम्रता स्वयं पुलिस थाना पहुंची और बताया कि रात में उसका रंजीत के साथ झगड़ा हुआ था। उसने पुलिस को बताया कि सुबह जब उसने रंजीत को उठाने की कोशिश की तो वह नहीं उठे। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां रंजीत सिंह का शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला।
शरीर पर मिले गहरे घाव
मृतक की पत्नी टशी पालमो ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि रंजीत के शरीर पर गले, छाती और नाभि के पास गहरे कट और खरोंच के निशान थे। उन्होंने आशंका जताई कि झगड़े के दौरान किसी नुकीली वस्तु से वार कर उनकी हत्या की गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए। जांच के लिए मंडी से आरएफएसएल (RFSL) की टीम को भी बुलाया गया।
हत्या का मामला दर्ज
मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और महिला से पूछताछ जारी है।
आज होगा पोस्टमार्टम
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








