शिमला 17 अगस्त । मशोबरा ब्लॉक के दूरदराज पंचायत गांव नोहा में स्वतंत्रता दिवस पर ग्रामीण मेले का आयोजन किया गया । जिसमें कब्बडी प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले में आए लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे । कब्बडी प्रतियोगिता में जुन्गा तहसील के अलावा सीमा पर लगते सिरमौर और सोलन जिला के विभिन्न क्षेत्रों से आई दस टीमों ने भाग लिया । जिसमें टपरोली क्लब ने नोहा टीम को फाईनल में पराजित कर कब्बडी प्रतियोगिता का खिताब जीता ।
इससे पहले एपीएमसी ढली किन्नौर के अध्यक्ष देवानंद वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया । इस मेले का आयोजन युवा क्लब नोहा और महिला मंडल नोहा लखोटी के संयुक्त तत्वाधान में किया गया । कार्यक्रम में शिमला जिला सहकारी सभा के निदेशक अतर सिंह ठाकुर और ध्रुव मंहत विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे ।
देवानंद वर्मा ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त का दिन भारत देश के लोगों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है । देश के महान सपूतोे ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने जान की कुर्बानी देकर देश को गुलामी की जंजीरों से छुड़ाया था । उन्होने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के महान सपूतों के बलिदान से सभी को देशभक्ति की प्रेरणा लेनी चाहिए जोकि उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी ।
इस मौके पर स्कूली बच्चों और महिला मंडल की महिलाओं ने देश भक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का भरपूर मनोरंजन करवाया ।
कार्यक्रम में बलोग पंचायत के प्रधान ओम प्रकाश शर्मा , महिला मंडल प्रधान रीना राणा के अतिरिक्त युवा क्लब नोहा के आयुष ठाकुर, अनु ठाकुर, हरीश ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे ।
नोहा मेले में कब्बडी प्रतियोगिता का खिताब जीता टपरोली टीम ने
Leave a comment
Leave a comment








