स्थाई परिसर दड़ूही और ऑफ कैंपस नगरोटा बगवां में लागू होगा फैसला
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने कोरोना महामारी में अनाथ विद्यार्थियों की डिग्री पूरी करने तक सभी प्रकार की फीस को माफ करने का फैसला लिया है। यह निर्णय तकनीकी विवि के स्थाई परिसर दड़ूही और ऑफ कैंपस नगरोटा बगवां में वर्तमान समय में विभिन्न विषयों में पढ़ाई कर रहे ऐसे विद्यार्थियों पर लागू होगा, जो इस वैश्विक कोरोना महामारी में अनाथ हुए हैं। तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक एवं जनसंपर्क अधिकारी प्रो कुलभूषण चंदेल ने प्रैस विज्ञप्ति में कहा कि कुलपति के निर्देशों के बाद उपरोक्त फैसला लिया गया है। इस महामारी के दौर में जो विद्यार्थी अनाथ हुआ है, उससे किसी भी प्रकार की कोई फीस तकनीकी विवि नहीं लेगा। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था तकनीकी विवि के स्थाई परिसर और ऑफ कैंपस नगरोटा बगवां के लिए रहेगी।






