शिमला
हिमाचल प्रदेश में सूखे जैसे हालात के बीच जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र की खद्दर पंचायत के जंगलों में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की भयावह लपटों को देखकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव के युवाओं ने हिम्मत दिखाई और अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कुलदीप शर्मा की अगुवाई में युवाओं की टोली आग बुझाने के लिए तुरंत मौके पर पहुंची।
आग इतनी तेज थी कि कुछ लोगों को इसे काबू करना नामुमकिन लग रहा था, लेकिन युवाओं के सामूहिक प्रयास और साहस के चलते आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया और जंगल की बड़ी वन संपदा को खाक होने से बचा लिया गया।
इस साहसिक कार्य के बाद पूरे क्षेत्र में इन युवाओं की जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते युवाओं ने हिम्मत नहीं दिखाई होती तो जंगल का बड़ा हिस्सा आग की भेंट चढ़ सकता था।








