लोगों ने किया धरना प्रदर्शन और मौके पर प्रशासन पहूंचने पर मामला सुलझा
शिमला 09 अगस्त । मशोबरा ब्लाॅक की सतलाई पंचायत के ठूंड नाला में भारी वर्षा के कारण बाढ़ आने से छलंडा पीरन रोड बीते रोज करीब दोपहर बाद तीन बजे बंद हो गया था । इसके अतिरिक्त स्थानीय लोगों के खेतों में भारी मात्रा में गाद भर जाने से काफी नुकसान पहूंचा है । जिसके चलते शनिवार को ठूंड के लोगों ने धरना प्रदर्शन करते हुए सड़क खोलने का कार्य बंद करवा दिया गया और सरकार से जमीन को नुकसान का मुआवजा देने की मांग की गई ।
प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही करते हुए नायब तहसीलदार जुन्गा राजेन्द्र ठाकुंर, पुलिस व अन्य विभागों सहित मौके पर पहूंचे और लोगों की समस्याओं को सुना । तदोंपरात सड़क खोलने का कार्य आरंभ हुआ ।
कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग छलंडा धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि ठूंड नाला में आई बाढ़ का बहाव इतना तेज था कि सड़क में पुलिया सहित सड़क का करीब 20 मीटर हिस्सा टूट गया है । जबकि करीब 150 फुट हिस्से में गाद भर गई है । जिससे बीते कल से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई थी । उन्होने बताया कि स्थानीय लोगों का धरना प्रदर्शन समाप्त होने के उपरांत सड़क खोलने का कार्य युद्धस्तर किया गया तथा चार घंटे के भीतर जेसीबी के साथ सड़क को खोल दिया गया है ।
नायब तहसीलदार राजेन्द्र ठाकुर ने बताया कि खेतों में गाद भर जाने से लोगों का काफी नुकसान हुआ है जिसका सही आकलन करने के लिए पटवारी तथा संबधित विभागों को निर्देश जारी कर दिए गए है । नुकसान का सही जायजा लेने के लिए उन्होने स्थानीय लोगों से संयुक्त निरीक्षण हेतू आवेदन करने का सुझाव दिया ।
स्थानीय निवासी दीपक ठाकुर ने बताया कि बीते तीन चार साल से इस नाला में बरसात में बाढ़ आने से खेतों में गाद भर जाती है जिससे काफी नुकसान हो रहा है परंतु आजतक सरकार ने मुआवजा के नाम पर फूटी कौड़ी भी नहीं दी ।
इस मौके पर कानूनगो अरविंद, सतलाई पंचायत के प्रधान नेत्र सिंह, पीरन पंचायत की प्रधान किरण शर्मा, पटवारी शुभम शर्मा के अतिरिक्त लोनिवि, जेएसवी विभाग, पुलिस व वन विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे ।








