कांग्रेस विधानसभा चुनावों का शंखनाद प्रियंका गांधी वाड्रा की रैली के साथ होगा। कांग्रेस इस रैली के माध्यम से भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देने की तैयारी में है।
कांग्रेस की दस गारंटियां इस रैली में प्रमुखता के साथ उजागर होंगी। इस रैली में ज्यादा भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। ब्लॉक से प्रदेश स्तर तक कांग्रेस नेताओं को भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। पहले 11 अक्तूबर को यह रैली होनी थी, लेकिन खराब मौसम को देखते हुए कांग्रेस ने इस रैली को 14 अक्तूबर में बदल दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी के सदस्य, विधायक, पूर्व विधायक, जिला और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष व इसके सभी पदाधिकारियों, अग्रणी सगंठनों के प्रमुख और उनके पदाधिकारियों को इस जनसभा मे उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश कांग्रेस सगंठन महामंत्री रजनीश किमटा ने इस संदर्भ में एक सर्कुलर जारी करते हुए सभी पदाधिकारियों को प्रियंका गांधी की इस जनसभा में अपने सभी कार्यकर्ताओं सहित उपस्थित होने को कहा है। श्री किमटा ने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वह अधिक से अधिक इस जनसभा में शामिल होकर पार्टी की एकता को मजबूत करें। प्रियंका बीते करीब एक सप्ताह से हिमाचल में हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने कांग्रेस नेताओं से मुलाकात नहीं की है। इस रैली को लेकर कांग्रेस नेताओं से बड़ी चर्चा होने की संभावना है।