हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद ही दर्दनाक हादसा पेश आया है। जहां जिले के रंगस गांव में नादौन-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक की चपेट में आने से छः वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि बच्ची के चिथड़े उड़ गए। बताया जा रहा है कि ट्रक का आगे व पीछे वाले टाायर बच्ची को रौंदते हुए उसके ऊपर से निकल गया।
हादसे के वक्त मौके पर मौजूद बच्ची की मां ने हिम्मत करते हुए अपनी बच्ची के शरीर के हिस्सों को सड़क से इकट्ठा करके उन्हें चादर से ढक कर किनारे पर रखा। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी हुई है।
बता दें कि यह वारदात आज सुबह करीब 10 बजे की है। जहां प्रवासी बच्ची अपनी मां के साथ रंगस बाजार की ओर जा रही थी। इस बीच बच्ची वहां से गुजर रहे एक ट्रक की चपेट में आ गई। इस मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी नादौन नीरज राणा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और बच्ची के शव को पोस्मार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर भेज दिया है।








