घर के आगे एक फुट की दरार आने से परिवार सदमें मंें
शिमला 05 सितंबर । भारी बारिश के कहर ने कसुपंटी निर्वाचन की नहौल पंचायत के साथ सीमा पर लगते सिरमौर जिला के गांव बगैरना में एक परिवार के उपर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है । जिससे पूरा परिवार सदमें में हैं । प्रभावित परिवार के मुखिया नरेश कुमार ने बताया कि उन्होने घर को खाली कर दिया है और घर का सामान कुछ अपने रिश्तेदारों के घर में छोड़ दिया है और स्वयं समीप के गांव टैला में एक मकान में रह रहे हैं ।
नरेश ने बताया कि उनके घर के आसपास की करीब एक सौ मीटर जमीन धंसने लगी है जिससे उनके घर के आगे करीब एक फुट की दरार आने से इनका मकान खतरे की जद में आ गया है । बताया कि दो सिंतबर की रात्रि को मकान का कुछ हिस्सा धंसने लगा था । जिससे उनकी चिंताएं बढ़ने लग गई थी । उन्होने बताया कि वह सनौरा नेरीपुल सड़क के बगेरना में एक छोटा से ढाबा चलाते हैं और इनका मकान भी होटल से निचली तरफ को है । रात्रि को वह होटल में सो गए जब वह प्रातः नीचे घर को गए तो उनके होश उड़ गए । मकान के अगले हिस्सा में करीब आधा फुट की दरार आ गई थी और धीरे धीरे मकान धंसने की कागार में आ गया है ।
नरेश कुमार ने रोते हुए बताया कि उनका दस आदमी का परिवार है इनको लेकर अब वह कहां जाएंगे । उन्होने बताया कि ढाबा में लोगों के जूठे बर्तन मांज कर पाई पाई जोड़ कर बड़ी गरीबी में मकान बनाया था जोकि जमीन धंसने से कभी भी ढह सकता है । उन्होने बताया कि नायब तहसीलदार नौहरी पझौता पर मौके पर आए थे और घर का जायजा लेकर चले गए परंतु प्रशासन की ओर से हमें न कोई सहायता दी गई और न ही हमारे ठहरने इत्यादि की कोई व्यवस्था की गई है । उन्होने सरकार से सहायता करने की गुहार लगाई है ।








