हिमाचल प्रदेश में बारिश के बाद मौसम अब साफ हो गया है, लेकिन ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। आलम यह है कि लाहुल-स्पीति जिला का केलांग माइनस में है। केलांग का तापमान माइनस 3.2 डिग्री सेल्सियस है, लेकिन कल्पा का न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस है। मनाली में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री तक गिर गया है। प्रदेश के आठ शहरों में न्यूतनम तापमान 10 डिग्री से नीचे आ गया है। खासबात यह है कि सुंदरनगर और सोलन जिला में तापमान राजधानी शिमला से भी नीचे चला गया है।
शिमला में न्यूनतम तापमान जहां 9.2 डिग्री सेल्सियस है, तो वहीं सोलन जिला में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस है। मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य जिलों में दिनभर धूप खिली रही। हालांकि शाम के समय बारिश की हल्की बौछारें भी राजधानी शिमला में गिरी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मैदानी मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में 31 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान प्रदेश में बारिश व बर्फबारी का कोई आसार नहीं है।








