शिमला
हिमाचल में 19 सितम्बर से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग ने 20 सितम्बर को मैदानी एवं मध्यपर्वतीय इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका जताई है। इसके अलावा 19 और 20 सितम्बर को 10 जिलों में भारी बारिश का यैलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान अंधड़ व आसमानी बिजली गिरने के भी आसार हैं। पूरे प्रदेश में 22 सितम्बर तक मौसम खराब रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि पिछले दिनों मानसूनी गतिविधियां कमजोर थीं लेकिन अब गति पकड़ेंगी और फिर से बारिश का दौर शुरू होगा। बीते 24 घंटों के दौरान सुजानपुर टीहरा में सर्वाधिक 51 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोलन में 34, नाहन में 31 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून अब तक सामान्य रहा है। 12 में से 8 जिलों में सामान्य बारिश दर्ज की गई, जबकि 4 जिलों में औसत से कम वर्षा हुई, जिनमें चम्बा, सोलन, लाहौल-स्पीति और सिरमौर जिले शामिल हैं। प्रदेश में मानसून ने 13 जून को दस्तक दी थी। मानसून के सितम्बर के अंतिम दिनों या अक्तूबर के आरंभ में विदा होने की संभावना है।








