मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सराज उपमंडल में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। ऑल्टो कार (HP-87-1117) करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह हादसा छतरी रोड पर मगरूगला के पास हुआ। स्थानीय लोगों ने सोमवार सुबह सड़क का डंगा धंसा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
मृतकों की पहचान मानेली निवासी देव दत्त, मंगल चंद और यशपाल के रूप में हुई है। जबकि घायलों में गुमान सिंह और लाभ सिंह शामिल हैं, जिन्हें पहले जंजैहली अस्पताल लाया गया और फिर नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सभी पीड़ित सेब सीजन के कार्य से लौट रहे थे और हादसे के समय कार में सवार थे।
हादसे के सही कारणों की जांच जारी है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान है कि सड़क धंसने की वजह से कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी। पुलिस टीम ने रातभर राहत एवं बचाव कार्य चलाया और सोमवार सुबह तक सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम जंजैहली अस्पताल में किया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।
SP मंडी साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जंजैहली पुलिस स्टेशन को सुबह हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत मौके पर पुलिस दल रवाना किया गया। स्थानीय प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और शोकाकुल परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
यह हादसा एक बार फिर हिमाचल प्रदेश की खस्ताहाल सड़कों और मानसून के दौरान लैंडस्लाइड के खतरों को उजागर करता है।










