शिमला 17 दिसंबर । राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर मशोबरा चिकित्सा ब्लॉक में आगामी 21 दिसंबर को 12500 छोटे बच्चों को पल्स पोलियों की दवा पिलाई जाएगी। जिसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूर्ण कर लिए गए हैं। खंड चिकित्सा अधिकारी मशोबरा डॉ0 संजय रनौत ने बताया कि मशोबरा चिकित्सा ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में 0 से 05 वर्ष की आयु वर्ग के करीब 12500 बच्चें हैं जिन्हें पल्स पोलियो की दवा पिलाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 130 पल्स पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे । इस अभियान को सफल बनाने के लिए 502 कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएगी जिनमें आशा वर्करज, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सीएचओ, हेल्थ वर्करज, आयुर्वेद विभाग के कर्मचारी अपनी सेवाएं देगें ताकि कोई भी बच्चा पल्स पोलियो की दवा पीने से वंचित न रह जाए। इस अभियान में आईटीबीपी के जवान भी अपना सहयोग देेगे ।
डॉ0 संजय रनौत ने बताया कि ब्लॉक के विभिन्न बस अडडों, झुग्गी झौंपड़ियों व ब्लॉक की सीमा पर लगते विभिन्न बेरियरों पर पल्स पोलियो दवा पिलाने के लिए चार ट्रांजिट और चार मोबाईल टीमें गठित की गई है ताकि बसों में सफर कर रहे और कसुंपटी व मैहली की झुग्गी झोंपड़ियों में रहने वाले छोटे बच्चों को दवाई पिलाई जा सके । उन्होने बताया कि पल्स पोलियों वैक्सिन के लिए डीप फ्रिज, कोल्ड बॉक्स व केरियर, आईस क्यूब इत्यादि की पूर्ण व्यवस्था कर दी गई है ताकि इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके ।
उन्होने सभी पंचायत प्रधानों, महिला व युवक मंडलों, स्वयं सहायता समूहों तथा सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि इस कार्यक्रम के सफल बनाने में अपना रचनात्मक सहयोग दें और जिन परिवारों में 0 से 5 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चे है वह आगामी 21 दिसंबर को अपने निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर अनिवार्य रूप से दवा पिलाएं ।








