ऊना, सौरभ
ऊना हिमाचल प्रदेश का पहला जिला बन गया है, जहां पर पाइप के जरिए रसोई में पीएनजी पहुंची है। अजौली गांव में 27 नवम्बर, 2020 को पहला पीएनजी कनैक्शन प्रदान किया गया था तथा अब तक गांव के 220 घरों की रसोई में पाइप से गैस पहुंच चुकी है। आने वाले कुछ दिनों में रक्कड़ कालोनी को भी पीएनजी की सुविधा मिल जाएगी, जहां पर लगभग 400 घरों को पीएनजी गैस कनैक्शन दिए जाएंगे। घर-घर तक पाइप पीएनजी गैस पहुंचाने के लिए जिला ऊना के अजौली, रक्कड़ कालोनी, मलाहत, ऊना नगर परिषद क्षेत्र, अरनियाला, रामपुर तथा कोटला कलां में अब तक 75 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। आगे का कार्य भी युद्धस्तर पर चला है।
छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती का कहना है कि पीएनजी एलपीजी सिलैंडर का विकल्प है। यह रसोई का सस्ता व साफ-सुथरा ईंधन है। अब तक पीएनजी की सुविधा देश के बड़े-बड़े शहरों में ही उपलब्ध थी लेकिन हिमाचल प्रदेश के 3 जिलों ऊना, बिलासपुर व हमीरपुर में भी पीएनजी पहुंचाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। जिला ऊना के लिए खुशी की बात है कि राज्य का पहला पीएनजी कनैक्शन ऊना में दिया गया है। अजौली व रक्कड़ कालोनी के साथ-साथ ऊना शहर, मैहतपुर व संतोषगढ़ के निवासियों को यह सुविधा प्रदान की जाएगी। अगले लगभग 6 महीने में ऊना शहर में पीएनजी पहुंचा दी जाएगी। शहर में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और घरों को भी कनैक्शन दिए जा रहे हैं।






