हिमाचल प्रदेश से 26 सितंबर तक मानसून विदा होगा। 13 सितंबर से मानसून के कमजोर पड़ने के आसार हैं। 17 सितंबर तक प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना है। प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान अभी तक 19 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। मंडी जिले को छोड़कर प्रदेश के शेष सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। मंडी जिले में भी सामान्य से मात्र दो फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है। 13 जून से 11 सितंबर तक प्रदेश भर में 566 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इस अवधि में सामान्य बारिश 696 मिलीमीटर को माना गया है। वर्ष 2020 में 30 सितंबर को हिमाचल से मानसून विदा हुआ था।
शिमला में हल्की बूंदाबांदी के साथ दिन भर बादल छाए रहे। प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय जिलों में रविवार को भी भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू के कुछ क्षेत्रों में रविवार को बाढ़ आने की चेतावनी जारी की गई है। जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में लगातार दूसरे दिन भी मौसम परिवर्तनशील रहा।