हिमाचल में अब 12 दिसम्बर तक मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम के साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान प्रदेश में बारिश-बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है, ऐसे में आने वाले 5 दिनों तक प्रदेश में अब धूप खिलने के आसार हैं। धूप खिलने से दिन के समय अब मौसम सुहावना बना रहेगा, ऐसे में प्रदेश के लोगों को ठंड से राहत मिलने के आसार है। प्रदेश में बीते दिनों हुई बारिश व बर्फबारी के बाद प्रदेश में मौसम ठंडा हो गया है। प्रदेश के कई शहरों में तापमान कम हो गया है। लाहौल-स्पीति जिले के अलावा अब शिमला और मनाली के तापमान में भी काफी गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के कारण रात के समय ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे कम तापमान अभी भी लाहौल-स्पीति जिला के केलांग में है। केलांग में न्यूनतम तापमान -7.0 डिग्री तक पहुंच गया गया है। केलांग के बाद राजधानी शिमला के कुफरी में न्यूतनम तापमान -1.2 डिग्री दर्ज किया गया है। कुल्लू जिला के मनाली में न्यूनतम तापमान 1.8 और किन्नौर जिला के कल्पा में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके अलावा राजधानी शिमला में 6.4 डिग्री, सुंदरनगर 4.7, कल्पा 1.9, धर्मशाला 7.8, ऊना 9.4, नाहन 12.7, पालमपुर 7.5, सोलन 4.4, कांगड़ा 1.4, मंडी 5.2, पांवटा साहिब 4.2, जुब्बड़हट्टी 8.0, डल्हौजी 6.1, चम्बा 7.4, बिलासपुर 6.0 और हमीरपुर में 6.9 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।










