हिमाचल प्रदेश में लोहड़ी और मकर सक्रांति का पर्व लोग साफ मौसम के बीच मना सकेंगे। राज्य भर में आगामी 14 जनवरी तक मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि अगले पांच दिन तक राज्य में बारिश व बर्फबारी होने की संभावना नहीं है। 14 जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में बढौतरी होगी, लेकिन न्यूनतम तापमान में कोई विशेष अंतर नहीं आएगा।
इस बीच पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद अब राज्य में धूप खिलने से दिन का मौसम सुहावना बना हआ है। हालांकि रातें बेहद सर्द होती जा रही हैं। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में रात का पारा माइनस में दर्ज किया गया है। इन जिलों में प्राकृतिक जलस्त्रोत व झीलें बर्फ में तबदील हो गई हैं। इसके अलावा पानी की पाइपों के जम जाने से स्थानीय लोगों के समक्ष पेयजल आपूर्ति का संकट खड़ा हो गया है। मौसम विभाग ने आगामी 14 जनवरी तक राज्य में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान जताया है।
लाहौल-स्पीति जिले का मुख्यालय केलंग राज्य में सबसे ठंडा स्थल बना हुआ है। केलंग में गुरूवार की रात न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। इसी तरह किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान -4.3 डिग्री, सोलन में 1.5 डिग्री, सियोबाग में 1.6 डिग्री, मनाली व सुंदरनगर में 2 डिग्री, भुंतर में 3 डिग्री, डल्हौजी में 3.2 डिग्री, मंडी व पालमपुर में 4 डिग्री, चंबा व धर्मशाला में 4.4 डिग्री, कुफरी में 5.4 डिग्री, शिमला में 6.2 डिग्री, बिलासपुर में 6.5 डिग्री, हमीरपुर में 6.8 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 7.6 डिग्री, कांगड़ा व उना में 8.4 डिग्री और नाहन में 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है।