सरकाघाट की थौना पंचायत में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पर राशन डिपो से राशन ले जा रहे लोगों की जीप सड़क से लुढ़क कर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। हादसे का कारण जीप में ब्रेक नहीं लगना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने हादसे के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक थौना राशन डिपो से शुक्रवार को राशन लाने के लिए गैहरा गांव के आठ लोग एक डाला जीप में गए थे। राशन लेने के बाद यह सभी जब वापस लौट रहे थे तो थौना में सड़क की चढ़ाई पर वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और ब्रेक नहीं लगने के कारण यह जीप करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।
इन सभी को मंडी के लिए रैफर कर दिया गया है। मृतक महिलाओं में झांसी देवी पत्नी दामोदर दास और दामोदरी देवी पत्नी बंशी राम दोनों निवासी गैहरा शामिल हैं। पंचायत के प्रधान रंगीला राम ने हादसे की पुष्टि की है और कहा कि घायलों को मंडी के लिए रैफर किया गया है। पुलिस के द्वारा हादसे के कारणों को पता लगाया जा रहा है।