हिमाचल प्रदेश के 10 क्षेत्रों में इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहा। ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर, मंडी, सिरमौर और सोलन के कई क्षेत्रों में बुधवार को लू चली। बुधवार को ऊना में 17, कांगड़ा में सात और शिमला में पांच साल बाद सबसे ज्यादा पारा दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से प्रदेश में 16 जून तक लू जारी रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
न्यूनतम तापमान चढ़ने से रात के समय भी गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से आज व कल कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 18 व 19 जून को भी कुछ भागों में मौसम खराब रह सकता है। राजधानी शिमला में बुधवार को अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले 2019 में जून के दौरान अधिकतम तापमान 30.5 दर्ज हुआ था। 2007 में ऊना में अधिकतम पारा 42.1 डिग्री रहा था। अब 17 वर्ष बाद तापमान 43.2 दर्ज हुआ। कांगड़ा में वर्ष 2017 में पारा 42 डिग्री था, अब बुधवार को पारा 41.3 डिग्री दर्ज हुआ। प्रदेश के सभी क्षेत्रों के तापमान में बुधवार को बढ़ोतरी दर्ज हुई।