कुमारसैन
उपमंडल मुख्यालय कुमारसैन में रविवार रात करीब 8 बजे एक कार दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एस.डी.एम. कार्यालय के निकट अपने घर के पास ही एक युवक सुभाष गौतम (45) पुत्र स्व. सुशील गौतम गांव मतेवग तहसील कुमारसैन जिला शिमला अपनी कार नंबर (एच.पी. 06ए 6200) को पार्क करते समय अचानक अपनी ही कार की चपेट में आ गया, जिस कारण वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत सिविल हॉस्पिटल कुमारसैन पहुंचाया, जहां पर प्राथमिक उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। सोमवार सुबह सिविल हॉस्पिटल कुमारसैन में शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की पुष्टि करते हुए कार्यवाहक डी.एस.पी. चमन ने बताया कि दुर्घटना में मृतक युवक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि सुभाष गौतम को कुमारसैन क्षेत्र में एक मिलनसार समाजसेवक के रूप में जाना जाता था। कुमारसैन क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों और विकासात्मक कार्यों में उनका सराहनीय योगदान रहा है। उनकी अचानक मृत्यु से कुमारसैन क्षेत्र में गम का माहौल है। व्यापार मंडल कुमारसैन, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, ब्लॉक कांग्रेस, जिला शिमला कांग्रेस कमेटी, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों व स्थानीय लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक जताया है।








