नेरवा पुलिस ने एक युवक को करीब 5 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचा है। जानकारी के अनुसार इस युवक पर कई दिनों से पुलिस की नजर थी। वीरवार शाम के समय एएसआई संजय, कांस्टेबल पवन, देवेंद्र एवं हरीश पर आधारित टीम ने उक्त युवक को दयांडली नाला में पैदल रास्ते पर 4.95 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचने में सफलता हासिल की। युवक की पहचान कृष्ण मंगलेट पुत्र बालक राम निवासी नेरवा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार युवक ने पुलिस को दिए गए अपने प्रारंभिक बयान में कहा है कि वह चिट्टे का व्यापार ही नहीं, स्वयं भी चिट्टे का सेवन करता है तथा दोस्तों को भी करवाता है। पुलिस ने नशे की खेप के साथ हिरासत में लिए गए युवक के खिलाफ नेरवा थाना में एनडी एंड पीएस की धारा 21,61-85 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीपीओ चौपाल राज कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि कहीं पर भी नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।








