रिकांगपिओ
जिला किन्नौर कल्पा ब्लॉक युवा कांग्रेस द्वारा प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी की अगुवाई में सेब के घटते दामों व राष्ट्रीय मुद्रीकरण पाइपलाइन के विरोध में जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान युवा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौक पर सेब फैंक कर रोष प्रकट किया।
युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि राष्ट्रीय मुद्रीकरण पाइपलाइन नीति का आना देश के हर एक नागरिक के साथ धोखा और विश्वासघात है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार एयरपोर्ट, रेलवे व मैदान आदि या अन्य कोई सरकारी व जनता के खून पसीने से सींचे हुए सब संपत्तियों को अपने गिने चुने दो चार पूंजीपति मित्रों को बेचना चाहती है। निगम भंडारी ने कहा कि प्रदेश में बागवानों के लिए सबसे महत्वपूर्ण समय सेब सीजन होता है परंतु ऐसे में रेट का एक दम नीचे गिरना प्रदेश सरकार की लापरवाही को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का बहुत बड़ा हिस्सा बागवानी पर निर्भर है तथा जिस पर लाखों परिवारों की रोजी रोटी निर्भर होने के साथ-साथ प्रदेश की बहुत बड़ी आर्थिकी भी संबंध रखती है परंतु सेब के गिरते दामों को लेकर आज बागवान बहुत चिंतित हैं।