केंद्र के कृषि कानूनों के मसले पर रविवार को हुई कांग्रेस विधायक दल की मीटिंग में सभी विधायकों और मंत्रियों ने एक सुर में कहा, नए कृषि कानूनों को किसी भी सूरत में पंजाब में लागू नहीं होने दिया जाए। सूबे में एमएसपी से कम दाम पर खरीद करने वालों को 5 साल तक कैद और भारी जुर्माना लगाने जैसे कई सुझाव भी दिए गए। मंत्री और विधायकों ने कहा, सीएम अमरिंदर सिंह कोई भी फैसला लें, पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी है।
मंत्रिमंडल ने विधानसभा का विशेष सत्र एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने का फैसला भी लिया। सीएम ने पंजाब भवन में पार्टी के सभी विधायकों और मंत्रियों को लंच पर बुलाया था। कृषि कानूनों पर विस्तृत चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने विधायकों को बताया कि रणनीति को अंतिम रूप देने से पहले विधायकों, कानूनी माहिरों, सीनियर वकील और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेता पी. चिदंबरम के साथ भी विचार-विमर्श किया जाएगा। यह लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक जारी रहेगी। विशेष सत्र में रणनीति बनाने के लिए सत्र से पहले सोमवार सुबह सीएम ने बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक बुलाई है।







