देश की नामवर कंपनी ट्राईडेंट ग्रुप के मध्य प्रदेश के बुधनी प्लांट में आग लगने से करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के 24 घंटे बाद भी अभी तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। दमकल विभाग की गाड़ियां लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। यहां यार्न, पेपर, धागे और केमिकल्स का उत्पादन होता था।
ट्राईडेंट ग्रुप के एडमिन हेड रूपिंदर गुप्ता ने बताया कि बुधनी यूनिट के काॅटन गोदाम में 5 अप्रैल की सुबह आग लग गई थी। जिस पर अभी तक काबू नहीं पाया जा सका है। आग में किसी तरह का जानी नुकसान होने से बचाव हो गया किंतु ग्रुप को आर्थिक तौर पर करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।








