केंद्र सरकार के निर्देशानुसार अब पर्यटकों और आम लोगों के लिए हिमाचल की सीमाएं खुलेंगी या नहीं, इसका फैसला कैबिनेट बैठक में सोमवार को हो सकता है। जयराम सरकार लोगों की आवाजाही के लिए ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था खत्म कर सकती है। कोविड की निगेटिव रिपोर्ट आने और होटल बुकिंग के मामले में भी छूट दी जा सकती है। केंद्र ने भी लोगों की आवाजाही और सामान लाने-ले जाने पर प्रतिबंध खत्म करने के निर्देश दिए हैं। कैबिनेट बैठक सोमवार सुबह दस बजे राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में प्रस्तावित है।
बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लोगों की राज्य से बाहर और भीतर बेरोकटोक आवाजाही के केंद्रीय निर्देशों पर कैबिनेट के अन्य सदस्यों से चर्चा कर सकते हैं। हिमाचल में अभी तक पंजीकरण के बाद ही लोग राज्य से बाहर जा सकते हैं। निर्धारित समय के भीतर उन्हें लौटना होता है। इसमें अब रियायत दी जा सकती है। पर्यटन विभाग इस संबंध में एक प्रस्ताव कैबिनेट में रखने जा रहा है। इसमें 72 घंटे के लिए हिमाचल आने वाले सैलानियों को कोरोना वायरस की निगेटिव रिपोर्ट साथ लाने की शर्त से छुटकारा मिल सकता है। बैठक में कई अन्य फैसले भी संभावित हैं।
एसडीएम से छीनीं जाएंगी लाइसेंस बनाने की शक्तियां
सरकार एसडीएम से ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की शक्तियां छीनने जा रही है। सरकार ने इसका प्रारूप तैयार कर लिया है। इस मामले को कैबिनेट बैठक में लाया जा सकता है। परिवहन विभाग ने लाइसेंस और अन्य परिवहन सुविधाओं को ऑनलाइन किया है।
नई शिक्षा नीति पर दी जाएगी प्रस्तुति
कैबिनेट की बैठक में नई शिक्षा नीति के बारे में प्रस्तुति दी जाएगी। इसके प्रावधानों को लागू करने के बारे में शिक्षा विभाग की ओर से कैबिनेट को जानकारी दी जाएगी कि भारत सरकार ने क्या प्रावधान किए हैं।
Download Amar Ujala App for Breaking News in Hindi & Live Updates. https://www.amarujala.com/channels/downloads?tm_source=text_share








