स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में कार्यरत संगीत के प्राध्यापक सुरेश शर्मा को श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान-2021 से सम्मानित किया जाएगा। प्रो. शर्मा को यह सम्मान 11 नवंबर को देश के प्रथम शिक्षा मंत्री भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम के जन्म दिवस पर घोषित राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर चंबा में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कान्फ्रेंस में प्रदान किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश सोशियोलॉजिकल सोसाइटी द्वारा प्रदान किए जाने वाले इस सम्मान समारोह के लिए प्रदेश एवं देश के आईआईटी, मैडिकल कॉलेज, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों के शिक्षकों की श्रेणी में प्रो. सुरेश शर्मा को नामित किया गया है। सम्मान पाने वालों में हिमाचल सहित असम, छत्तीसगढ़, गुजरात, दिल्ली तथा पंजाब के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के प्राध्यापक शामिल हैं।








