शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि नए जिलों के गठन को लेकर आयोग बनाकर कांग्रेस सरकार सिर्फ चुनाव से पहले इसे चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है, जबकि उसे अच्छी तरह पता है कि वर्तमान में पूरे देश में जनगणना का काम चल रहा है। जनगणना के दौरान किसी भी तरह की रेवेन्यू यूनिट क्रिएट नहीं की जा सकती, क्योंकि परिसीमन फ्रीज होता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि इस मुद्दे पर भाजपा का क्या स्टैंड होगा, इस पर पार्टी चर्चा कर फैसला लेगी। हमारी सरकार में भी इस बारे में काफी विश्लेषण हुआ था, लेकिन राज्य की आर्थिक स्थिति को देखते हुए हम आगे नहीं बढ़े। जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार चुनाव पूर्व दी गई अपनी गारंटियों पर फेल हो गई है। अब लोगों को जवाब देना मुश्किल हो रहा है, इसलिए चुनाव से पहले राजनीतिक लाभ के लिए माहौल बदलने की कोशिश की जा रही है। लेकिन इसमें सफलता नहीं मिलेगी, क्योंकि प्रदेश की जनता अब इन तरीकों से वाकिफ हो चुकी है।


