देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 51 लाख के पार हो गया। अब तक 51 लाख 15 हजार 893 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 24 घंटे में रिकॉर्ड 97 हजार 856 नए मरीज मिले। इसके पहले 11 सितंबर को 97 हजार 856 केस बढ़े थे।
उधर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान पूरे देश में अब तक 382 डॉक्टरों की जान गई। इनमें 27 से 85 साल की उम्र के डॉक्टर शामिल हैं। आईएमए ने केंद्र सरकार के उस बयान पर नाराजगी जताई है, जिसमें सरकार ने संसद में कहा था कि उसके पास कोरोना के चलते जान गंवाने वालों या इस वायरस से संक्रमित होने वाले डॉक्टरों और अन्य मेडिकल स्टाफ का डेटा नहीं है। प्रेस रिलीज में आईएमए ने कहा कि इन कोरोना वॉरियर्स को सरकार शहीद का दर्ज दे।








