हिमाचल में हाल ही में भारी बर्फबारी के बाद ऊपरी इलाकों में सड़कों के किनारे अब भी बर्फ जमी हुई है। इसी कारण सड़कें बेहद ही जोखिमपूर्ण हुई है । थोड़ी सी चूक और वाहन स्किड हो सकते है। सोमवार सुबह भी ऐसा ही मामला सामने आया है जिसमे खड़ा पत्थर-कोटखाई मार्ग पर एक निजी बस (न्यू प्रेम) हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची। गनीमत यह रही कि बस पुलिया की रेलिंग पर अटक गई। अन्यथा खाई की तरफ लुढ़कने से जानी नुक्सान हो सकता था। जैसे ही बस बर्फ पर स्किड होकर बेकाबू हुई, वैसे ही अंदर बैठे यात्रियों की सांसें अटक गई। आनन-फानन में यात्री बस से उतर गए।
पुलिस भी बार-बार इस बात की अपील करती आ रही है कि बर्फ में वाहन चलाते वक्त उचित सावधानी बरतें। उधर, कांगड़ा के शाहपुर से सिहंवा मार्ग पर भी एचआरटीसी की बस अनियंत्रित होकर पलटने की जानकारी है। बस में 27 यात्री सवार थे। कार को बचाते हुए बस अनियंत्रित हुई। हादसे में 5 यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें शाहपुर अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।








