प्रदेश में अक्तूबर माह के दौरान भी कम ही बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य में 10 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान अनेक स्थानों पर धूप खिले रहने की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही राज्य में आगामी दिनों में भी कम ही बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में रविवार को मौसम साफ बना रहा। दिन के समय धूप खिली रही, मगर दोपहर बाद चली ठंडी हवाओं के चलते राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों सहित मध्यम ऊंचाई वाले स्थानों के तापमान में शनिवार के मुकाबले गिरावट आई है, जबकि मैदानी इलाकों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
शिमला, सुंदरनगर, भुंतर,कल्पा, केलांग सहित ऊना के तापमान में भी एक डिग्री तक की गिरावट आई है। नाहन, सोलन, बिलासपुर, हमीरपुर के तापमान में उछाल आंका गया है। बीते 24 घटों के दौरान भी राज्य में मौसम साफ बना रहा। मौसम शुष्क रहने के बावजूद न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 10 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान अधिकतर क्षेत्रों धूप खिली रहेगी, मगर इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी रहेगा।