महिलाओं की बात करने वाले मंत्री पहले अपने घर के घरेलू हिंसा के आरोपों पर दें जवाब : भाजपा
शिमला, भाजपा के सह मीडिया प्रभारी एवं किन्नौर से प्रत्याशी तथा पूर्व वन विकास निगम अध्यक्ष सूरत नेगी ने हिमाचल विधानसभा में कांग्रेस मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर की गई टिप्पणियों की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह टिप्पणी पूरी तरह से काल्पनिक, तथ्यहीन और दुर्भावनापूर्ण है। उन्होंने मांग की कि जगत सिंह नेगी तत्काल सार्वजनिक रूप से देशवासियों से माफी मांगें।
सूरत नेगी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का 1925 से 2025 तक का 100 वर्षों का इतिहास पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है। भारत का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जहां संघ के स्वयंसेवकों ने चरित्र निर्माण, सामाजिक समरसता, सेवा और राष्ट्र समर्पण के माध्यम से समाज को दिशा न दी हो। आपदा हो या संकट—1962 का युद्ध हो, आपातकाल का दौर हो या कोई प्राकृतिक आपदा—संघ के स्वयंसेवक हमेशा सबसे पहले देश सेवा में आगे आए हैं। ऐसे महान संगठन पर टिप्पणी करना कांग्रेस नेताओं की संकीर्ण और नकारात्मक मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि आज देश में पिछले 14 वर्षों से “राष्ट्र प्रथम” की भावना से चलने वाली सरकार है और यही कारण है कि भारत आज वैश्विक मंच पर मजबूती से खड़ा है। हजारों स्वयंसेवकों ने इन 100 वर्षों में निस्वार्थ भाव से अपना जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया है। ऐसे संगठन पर विधानसभा जैसी संवैधानिक संस्था के भीतर अपमानजनक टिप्पणी करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
सूरत नेगी ने माननीय मुख्यमंत्री से भी आग्रह किया कि जिन मंत्रियों की सोच इस स्तर की हो, उन्हें मंत्रिमंडल में स्थान देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे विचारों वाले लोग न केवल समाज को गुमराह करते हैं, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं को भी कमजोर करते हैं।
उन्होंने एक अन्य गंभीर विषय उठाते हुए कहा कि कांग्रेस मंत्री जगत सिंह नेगी प्रदेशभर में महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं, लेकिन उनके अपने घर से जुड़े घरेलू हिंसा के मामले गंभीर प्रश्न खड़े करते हैं। नेगी ने कहा कि किन्नौर जिला न्यायालय में मंत्री के पुत्र के विरुद्ध उनकी बहू द्वारा घरेलू हिंसा का मामला दर्ज करवाया गया है, जिसमें यह भी आरोप है कि मंत्री की मौजूदगी में उनके साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी और गला दबाने जैसे प्रयास किए गए, और मंत्री ने इस पर कोई प्रतिरोध नहीं किया।
सूरत नेगी ने कहा कि यह कोई निजी पारिवारिक मसला नहीं रह जाता जब मामला न्यायालय में दर्ज हो और गंभीर आरोप लगाए गए हों। यदि कोई नेता अपने घर में हो रहे अत्याचार पर मौन साधे और प्रदेश में महिलाओं के अधिकारों पर लंबी-लंबी बातें करे, तो यह उसका दोहरा चरित्र उजागर करता है। उन्होंने सवाल किया कि अब तक इस मामले में गिरफ्तारियां क्यों नहीं हुईं? क्या इसका कारण राजनीतिक दबाव है?
उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का उद्देश्य किसी के परिवार में हस्तक्षेप करना नहीं है, बल्कि समाज के सामने सच्चाई रखना है। उन्होंने कहा कि किसी भी बेटी या बहू के साथ अन्याय होगा तो भाजपा उसे पूरे दमखम से उठाएगी, चाहे वह किसी भी दल से जुड़ा मामला क्यों न हो।
सूरत नेगी ने मांग की कि जगत सिंह नेगी स्वयं जनता के सामने आकर यह स्पष्ट करें कि उनकी बहू द्वारा लगाए गए आरोपों पर उनका क्या पक्ष है, और प्रदेश की जनता को सच्चाई से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि किसी के बचाव में “चमचागिरी” करने से सच्चाई नहीं छिप सकती।
अंत में सूरत नेगी ने कहा कि भाजपा किन्नौर सहित पूरे प्रदेश में सामाजिक न्याय, महिलाओं की सुरक्षा और राष्ट्र सम्मान से जुड़े हर मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठाती रहेगी और किसी भी प्रकार के दोहरे चरित्र को जनता के सामने लाया जाता रहेगा।









