हमीरपुर, 21 मार्च:
हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत किए गए राज्य सरकार के चौथे बजट पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे पूरी तरह दिशाहीन, जनविरोधी और खोखले वादों का पुलिंदा करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में पूरी तरह विफल रहा है और इसमें विकास का कोई स्पष्ट विजन नजर नहीं आता।
बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आज यहां राजेंद्र
राणा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चुनावों के दौरान बड़े-बड़े वादे करके जनता को गुमराह किया था, लेकिन बजट में उन वादों की झलक तक देखने को नहीं मिली। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को हर महीने ₹1500 देने के वादे का उल्लेख करते हुए कहा कि न तो इस योजना के तहत प्रदेश में सभी महिलाओं को तुरंत प्रभाव से₹1500 देने के साथ-साथ पिछले 3 साल का बकाया एरियर देने की कोई घोषणा की गई है और न ही इसके लिए बजट में कोई प्रावधान रखा गया है। इससे स्पष्ट है कि सरकार अपने ही वादों से पीछे हट रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट आम आदमी की जेब पर बोझ डालने वाला है, जबकि राहत देने के नाम पर सिर्फ दिखावटी घोषणाएं की गई हैं। बेरोजगार युवाओं को लेकर सरकार की कोई ठोस नीति सामने नहीं आई है। “प्रदेश का युवा रोजगार की उम्मीद में बैठा था, लेकिन सरकार ने उन्हें निराश करने का काम किया है।
किसानों और बागवानों के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बजट में इन वर्गों के लिए कोई ठोस राहत या दीर्घकालिक योजना नहीं दिखाई देती। उन्होंने कहा कि कृषि और बागवानी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन सरकार ने इन्हें पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया है।
राणा ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के दावे भी केवल कागजों तक सीमित हैं। “सरकार ने योजनाओं की लंबी सूची तो पेश कर दी, लेकिन उनके क्रियान्वयन का कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं दिया गया। यह केवल आंकड़ों और शब्दों का खेल है।
उन्होंने आगे कहा कि यह बजट प्रदेश के समग्र विकास को गति देने के बजाय केवल राजनीतिक बयानबाजी का दस्तावेज बनकर रह गया है। इसमें न तो रोजगार सृजन की स्पष्ट योजना है, न ही उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं।
राजेंद्र राणा ने कहा कि यह बजट हर वर्ग—महिलाओं, युवाओं, किसानों, बागवानों और आम नागरिक—को निराश करने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार की कथनी और करनी के बीच के अंतर को भली-भांति समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब जरूर देगी।



