बजट सत्र को लेकर बुलाई सर्वदलीय बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विधानसभा के सत्र करवाने से भागती रही है। तीन साल से सरकार सत्र की बैठकें तक पूरी नहीं कर पाई है। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल की बीजेपी सरकार (BJP Govt) झूठ की बुनियाद पर खड़ी है और झूठी घोषणाओं में माहिर है, जबकि घोषणाओं का कार्यान्वयन करवाने में फेल है। इस समय जयराम सरकार (Jai Ram Govt) कर्ज की बैसाखियों के सहारे चली हुई है।
बजट सत्र के दौरान विपक्ष महंगाई, किसान आंदोलन और सरकार के झूठ के मुद्दों आदि को सदन में उठाएगा। उधर, माकपा विधायक राकेश सिंघा (MLA Rakesh Singha) ने कहा कि हिमाचल कोरोना की मार से टूट चुका है। हिमाचल के किसान व बागवान परेशान हैं, महंगाई चरम पर है। सरकार प्रदेश को अलग दिशा में ले जाना चाहती है। सरकार यह ना समझे कि जनता के हितों के मुद्दों को सदन में उठाया नहीं जाएगा। सरकार के पास बहुमत है, लेकिन वह आमजन की समस्याओं को हर स्तर तक उठाएंगे।








