अमेरिका-ईरान युद्ध के असर से हिमाचल में कमर्शियल सिलिंडर पर अनिश्चितकालीन रोक, केंद्र सरकार के निर्देश
शिमला: अंतरराष्ट्रीय हालात और संभावित गैस आपूर्ति संकट के बीच हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में चिंता बढ़ गई है। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ सहित प्रदेश के कई इलाकों में व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति अनिश्चितकाल के लिए रोक दी गई है।
केंद्रीय मंत्रालय ने एलपीजी कंपनियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि फिलहाल 19 किलोग्राम, 47.5 किलोग्राम और 425 किलोग्राम के कॉमर्शियल सिलिंडरों की रिफिलिंग बंद रखी जाए। यह फैसला घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।
इस निर्णय का सीधा असर हिमाचल के उद्योगों, होटल व्यवसाय और ढाबा संचालकों पर पड़ रहा है। औद्योगिक इकाइयों का कहना है कि कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति बंद होने से उत्पादन और दैनिक संचालन प्रभावित हो सकता है।
जानकारों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, खासकर ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता के कारण भी गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
उद्योग जगत ने केंद्र सरकार से मांग की है कि उद्योगों के लिए गैस आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि उत्पादन और रोजगार पर असर न पड़े।



