ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के पंचायत उपप्रधान हेम राज ठाकुर ने सरकार द्वारा खंड विकास कार्यालय की कोरी घोषणा व सामुदायिक चिकित्सालय का उद्घाटन केवल मात्र पट्टिकाओं पर ही करने हेतु सरकार के प्रति रोष प्रकट किया है। हेमराज ठाकुर ने कहा है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन लगभग तीन-चार वर्षों से तैयार होकर धूल फांक रहा है।
मुख्यमंत्री ने उद्घाटन पट्टिका लगाकर उसका उद्घाटन तो कर दिया लेकिन यह कैसा उद्घाटन हुआ कि दो-तीन माह बीत जाने के बाद अभी तक वहां स्टाफ की तैनाती नहीं की गई है।उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं न के बराबर हैं, जबकि यह 32 पंचायतों का केंद्र बिंदु है। यहां दो-दो सीमेंट उद्योग होने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं, लेकिन एकदम उपयुक्त उपचार न मिलने के कारण लोगों को अपने जीवन से हाथ धोना पड़ता है। उन्होंने कनस्वाला पारनू सड़क की दयनीय दशा पर भी लोगों के रोष से अवगत करवाया है और विभाग से जल्द उसे ठीक करने का आग्रह किया है।








