सोलन
सोलन जिले के अर्की क्षेत्र के दसेरन जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ से फंदे पर लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रकाश कुमार के रूप में हुई है, जो दो दिन पहले घर से लापता बताया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार प्रकाश कुमार परसों रात घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। बुधवार सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने दसेरन के जंगल में एक पेड़ से उसका शव लटका हुआ देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि प्रकाश कुमार पिछले कुछ समय से गहरे अवसाद (डिप्रेशन) में था। करीब छह महीने पहले उसके बेटे की एक हादसे में मौत हो गई थी। बताया जाता है कि चाबा क्षेत्र में गाड़ी गिरने की घटना के बाद से न तो गाड़ी मिली और न ही उसके बेटे का कोई सुराग लग पाया। इसी सदमे के चलते उसने यह कदम उठाया होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।








