शिमला 24 फरवरी । राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर मशोबरा चिकित्सा ब्लॉक में 01 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के करीब 32 हजार बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई । इसके अतिरिक्त करीब 10 हजार बच्चों को विटामिन-ए का घोल पिलाया गया।
खंड चिकित्सा अधिकारी मशोबरा डॉ0 संजय रानौत ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर मशोबरा ब्लॉक के सभी 336 शिक्षण संस्थानों , 265 आंगनबाड़ी केंद्रों के अतिरिक्त सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर भी बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाई गई । इस कार्यक्रम का आयोजन स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया ताकि कोई भी पात्र बच्चा एल्बेंडाजोल दवा का सेवन करने से वंचित न रहे । उन्होने बताया कि जो बच्चे किन्ही कारणों से एल्बेंडाजोल दवा खाने से वंचित रह जाएगेें उन्होने आगामी 28 फरवरी को एल्बेंडाजोल की डोज दी जाएगी ।
डॉ0 रानौत ने बताया कि उन्होने बताया कि आंतों के कीड़ों से होने वाले संक्रमण से बच्चों में एनीमिया, कुपोषण, शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधा उत्पन्न हो सकती है जिससे बचाव के लिए सरकार द्वारा 01 से 19 वर्ष तक के आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाई जाती है । उन्होने बताया कि विटामिन-ए से बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है । विटामिन -ए रतौंधी से बचाव करता है तथा संक्रमण की गंभीरता को कम करता है। यह बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए अत्यंत आवश्यक होता है।
डॉ0 रानौत ने बताया कि शिक्षण संस्थानों में बच्चों को स्वच्छता बारे भी जानकारी दी गई तथा इस दौरान बच्चों को साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग, शौचालय के प्रयोग, खुले में शौच न करना, नाखून साफ रखने तथा साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। इसके अतिरिक्त शिक्षण संस्थानों में मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सेनेटरी पैड का नियमित परिवर्तन, पोषण एवं आयरन के महत्व के बारे बालिकाओं को जानकारी दी गई ।






