हिमाचल प्रदेश के छोटे कस्बों,शहरों में भी संयुक्त किसान मंच के भारत बंद के आह्वान का आंशिक असर नजर आ रहा है। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय सहित 18 स्थानों पर किसान मजदूर आज प्रदर्शन कर रहे हैं। शिमला में पंचायत भवन से डीसी ऑफिस तक आक्रोश रैली निकाली जाएगी। ठियोग, नीरथ सहित ग्रामीण इलाकों में दोपहर 12 बजे तक कई बाजार बंद है।
किसानों के इस आंदोलन में उद्योग की जॉइंट फ्रंट ऑफ सेंट्रल ट्रेड यूनियन भी समर्थन कर रही है। इसमें भारतीय मजदूर संघ को छोड़कर दूसरी 10 यूनियन भी प्रदर्शन में शामिल है। कुछ शहरों में व्यापारियों ने भी बंद का समर्थन करते हुए दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया है।
किसान सभा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह तनवर ने बताया कि दो साल बाद भी केंद्र ने किसानों से किए वादे पूरे नहीं किए। केंद्र ने किसानों को दिल्ली कूच के लिए मजबूर किया है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल के ग्रामीण इलाकों में आज ज्यादातर बाजार बंद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि किसानों की मांगे जल्द पूरी नहीं की गई तो किसान आंदोलन को उग्र करेंगे। ठियोग में किसान नेता संदीप वर्मा ने बताया कि सभी व्यापारी किसानों के आंदोलन के समर्थन में दोपहर 12 बजे तक बाजार बंद रहेंगे।








