शिमला, 17 मार्च:
शिमला काली बारी से जुड़ा एक महत्वपूर्ण नोटिस सामने आया है, जिसमें गैस की कमी के चलते मंदिर में बनने वाले हलवा प्रसाद और भंडारे को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। मंदिर प्रबंधन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, गैस सप्लाई डिस्ट्रीब्यूटर द्वारा मांग के अनुरूप सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि जब तक गैस आपूर्ति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक प्रसाद और भंडारे की तैयारी व वितरण स्थगित रहेगा। इस अचानक फैसले से श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि, मंदिर प्रशासन ने एक विकल्प भी दिया है। यदि कोई श्रद्धालु स्वयं गैस सिलेंडर की व्यवस्था कर सकता है, तो वह मंदिर से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर भंडारा व प्रसाद की व्यवस्था कर सकता है।
मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से इस असुविधा के लिए खेद जताते हुए सहयोग की अपील की है।



