कुल्लू
राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय, बंजार में आज एनसीसी और रोवर्स-रेंजर्स के संयुक्त तत्वाधान में स्वच्छता की भागीदारी कार्यक्रम के अंतर्गत रिवर बैंक क्लीनलीनेस ड्राइव का आयोजन किया गया।
इस अभियान के दौरान महाविद्यालय के निकट बहने वाली खाडागाड़ खड्ड़ के किनारे जमा प्लास्टिक और अन्य कचरे को एकत्रित किया गया। इस अभियान में नगर पंचायत बंजार ने भी अपनी भागिदारी निभाई।


महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रेणुका थपलीयाल ने बताया कि इस सफाई अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का थीम ‘भारतीय संस्कृति से जोड़ते हुए भारतीय नदियां संस्कृति की जननी’ था। इस अभियान में 39 एनसीसी कैडेट्स, 8 रोवर्स और 12 रेंजर्स ने भाग लिया। एनसीसी सीटीओ प्रो. टीकम राम, रोवर्स लीडर प्रो अंशुल शर्मा, रेंजर लीडर डॉ. हेमलता और नगर पंचायत की ओर से कनिष्ठ अभियंता गोपाल और हितेश कर्मचारियों सहित सहयोग दिया।प्राचार्या ने बताया कि इस कार्यक्रम की दूसरी कड़ी में एनसीसी कैडेट्स द्वारा उनकी अध्यक्षता में ‘भारतीय नदियां संस्कृति की जननी’ विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में संस्कृत विभाग की अध्यक्ष डॉ. हेमलता उपस्थित रहीं। उन्होंने पुराणों में नदियों और तीर्थों की उपयोगिता पर गहन अध्ययन कर विद्यावाचस्पति की उपाधि प्राप्त की है। डॉ हेमलता ने अपने व्याख्यान में बताया कि पुराणों में नदियों को मातृ स्वरूप माना गया है, जो प्रकृति में प्रत्येक जीव को पोषण प्रदान करती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नदियां भारतीय संस्कृति की जननी, वाहक और पोषक हैं और इनकी विभिन्न रूपों में पूजा होती है। नदियों का महत्व केवल धार्मिक नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक भी है, जो हमारी परंपराओं और संस्कारों को निरंतर आगे बढ़ाती हैं।








